ग्वालियर हादसे में 16 लोगों की मौत प्रशासनिक विफलता का परिणाम, मृतकों के परिजनों को ₹25-25 लाख मुआवजा दे सरकार: जीतू पटवारी
भोपाल 22 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी आज भोपाल स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने ग्वालियर सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से भी मुलाकात की। परिजनों ने उन्हें हादसे की परिस्थितियों और घटना से जुड़ी जानकारी दी। श्री पटवारी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
श्री जीतू पटवारी ने ग्वालियर के दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा कई परिवारों के जीवन में कभी न भरने वाला दुख छोड़ गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। प्रदेश में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। यदि समय रहते उचित व्यवस्थाएं और सतर्कता बरती जाती, तो कई जानें बचाई जा सकती थीं। सरकार को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाह लोगों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
श्री पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में लगातार हो रही दर्दनाक घटनाएं सरकार की संवेदनशीलता और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसा, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतें, सागर का शराब कांड, ग्वालियर का सड़क हादसा और बैतूल में खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना जैसी घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं में प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित उपचार और पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मृतकों के प्रत्येक परिवार को कम से कम ₹25-25 लाख का मुआवजा दिया जाए तथा घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करे। पीड़ित परिवारों को केवल आश्वासन देकर उनकी जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। सरकार को हादसों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। श्री पटवारी ने कहा कि सरकार का दायित्व केवल हादसे के बाद सहायता राशि घोषित करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है, जिससे आम नागरिकों की जान सुरक्षित रहे। मध्य प्रदेश में सड़क सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष श्री सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता श्री अभिनव बरोलिया,महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री अभिषेक परमार, जिला संगठन महामंत्री श्री अभिषेक शर्मा सहित मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी
