ग्वालियर 2 सितंबर 2026। बलराम जयंती के अवसर पर बुधवार को ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में किसानों, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के संवाद के साथ 16 विभागों को जोड़कर किसानों की आय और समृद्धि के लिए एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश उद्यानिकी के क्षेत्र में ढाई साल में दोगुने स्तर पर पहुंचा है और गेहूं उत्पादन में देश में अग्रणी बना है। दलहन, तिलहन, दुग्ध, मत्स्य और पशुपालन के क्षेत्र में भी सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी रबी सीजन में किसानों को 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है और किसानों को सस्ती बिजली कनेक्शन की सुविधा दी जा रही है।
डिफॉल्टर किसान नहीं, गलती करने वाली सोसायटी पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने ‘कवच योजना’ सहित किसान हितैषी डिजिटल व्यवस्थाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब किसी सोसायटी या बैंक की गलती से किसान को डिफॉल्टर घोषित किए जाने की स्थिति में किसान के बजाय संबंधित जिम्मेदार संस्था के खिलाफ कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर और पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को साल में एक बार ऋण लेकर पूरे साल बिना ब्याज राशि का उपयोग करने तथा किसान पोर्टल और आईडी के माध्यम से डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पशुपालन, मुर्गीपालन और मत्स्य पालन में अनुदान बढ़ाकर किसानों की आर्थिक समृद्धि का रास्ता मजबूत किया जाएगा।
आखिरकार हुआ रघुवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी तिराहे पर कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय बाबूजी रघुवीर सिंह की प्रतिमा का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रघुवीर सिंह ने महात्मा गांधी के विचारों पर चलते हुए स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और श्रमिकों तथा किसानों के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि जिस तिराहे पर प्रतिमा स्थापित की गई है, उसका नामकरण भी बाबूजी रघुवीर सिंह के नाम पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण ग्वालियर के लिए भावुक क्षण है, क्योंकि यह शहर अपने गौरवशाली अतीत और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व को आज फिर स्मरण कर रहा है।
