ब्रेकिंग

वीआरजी कॉलेज की छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

ग्वालियर 12 अगस्त 2026/ विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरार की छात्राओं ने बुधवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा रैली निकालकर क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश दिया। रैली में महाविद्यालय की एनसीसी, एनएसएस एवं स्पोर्ट्स विंग की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुरार नगर, 7 नंबर चौराहा, 6 नंबर चौराहा एवं रामलीला मैदान होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा थामे छात्राएं पूरे मार्ग में “हर घर तिरंगा-घर-घर तिरंगा”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “स्वतंत्रता अमर रहे” जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करती रहीं। रैली के माध्यम से छात्राओं ने मुरार क्षेत्र के नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में 17 अगस्त तक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में विवेकानंद सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

तिरंगा यात्राकार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार सक्सेना ने युवाओं की भूमिका और उनकी जिम्मेदारियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और राष्ट्र के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजवीर सिंह किरार, डॉ. यश दुबे, डॉ. कंचन सिंह नगेल, डॉ. रूपेश पल्लव, डॉ. अवधेश कुमार निरंजन, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. रेनू नायर एवं डॉ. बलबीर सिंह गुर्जर सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जयंत कोष्टी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. शर्मिला जैन ने किया।