ब्रेकिंग

सांदीपनि मॉडल स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य, HIV/AIDS जागरूकता और दंत परीक्षण शिविर आयोजित

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक, सिविल हॉस्पिटल हजीरा की टीमों ने दी उपयोगी जानकारी

ग्वालियर 13 अक्टूबर 2026। विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और उनमें स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज मंगलवार को सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डीडी नगर, ग्वालियर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। सिविल हॉस्पिटल, हजीरा की विभिन्न टीमों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

शिविर में मानसिक स्वास्थ्य, HIV/AIDS जागरूकता और दंत परीक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। उमंग टीम की अग्रिमा सिंह तोमर, अमन प्रताप एवं मनोज यादव ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने और इस विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।

HIV/AIDS और दंत स्वास्थ्य पर दी जानकारी

सिविल हॉस्पिटल, हजीरा के OST सेंटर की डॉ. रश्मि मिश्रा की टीम ने विद्यार्थियों को HIV/AIDS से संबंधित जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की। वहीं, अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग के डॉ. लोकेन्द्र ने विद्यार्थियों का दंत परीक्षण किया और उन्हें दांतों की उचित देखभाल, मौखिक स्वच्छता तथा दंत स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय में उमंग के नोडल प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह कुशवाह ने किया। अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ शिक्षक डॉ. संजय सिंह चौहान एवं प्रधानाध्यापक देशराज सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री अहिबरन सिंह कुशवाह ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर में सहयोग देने वाली सभी टीमों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, HIV/AIDS संबंधी जागरूकता और दंत स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।