ब्रेकिंग

स्पा सेंटर्स पर महिला पुलिस का औचक निरीक्षण, अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने चलाया गया रूटीन चेकिंग अभियान

​ग्वालियर। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में जिले में अनैतिक व अवैध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा शाखा द्वारा शहर के प्रमुख स्पा पार्लरों का औचक निरीक्षण किया गया।

यह रूटीन चेकिंग अभियान महिला डीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें ज्योति शर्मा और सुरभि शर्मा, सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहीं। अभियान के तहत पुलिस टीम ने यूनिवर्सिटी क्षेत्र स्थित ‘मोना स्पा सेंटर’ पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

​इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर मार्ग पर स्थित ‘हेल्दी स्पा सेंटर’ और ‘द बीच स्पा सैलून सेंटर’ की भी बारीकी से चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने स्पा पार्लरों में आने-जाने वालों के रजिस्टरों के रखरखाव और संधारण का निरीक्षण किया। सेंटर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन और फुटेज रिकॉर्डिंग की स्थिति की भी गहनता से जांच की गई। स्पा मालिकों और मैनेजरों को सख्त हिदायत दी गई कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी) के किसी भी ग्राहक को प्रवेश न दिया जाए।
​स्पा सेंटर का निरीक्षणटीम ने निर्देश दिए कि स्पा पार्लरों में किसी भी प्रकार की अनैतिक या संदिग्ध गतिविधि संचालित न हो, नियम उल्लंघन पर सख्त हिदायत दी गई। महिलाओं की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस का यह रूटीन निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।