शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने जाते हुए सैकड़ों महिलाएं गिरफ्तार
महिलाओं के सम्मान में रीना बौरासी सेतिया ने दी गिरफ्तारी
भोपाल 19 दिसंबर 2025। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने जाते हुए सैकड़ों महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिलाओं के सम्मान में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भी गिरफ्तारी दी।
प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने पिछले दिनों रतलाम में अधिकारियों की बैठक लेते हुए लाडली बहन योजना का लाभ प्राप्त कर रही महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसका विरोध करते हुए महिला कांग्रेस के द्वारा विजय शाह के स्थित है अथवा उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की गई थी। पिछले दो दिनों में महिला कांग्रेस के द्वारा पूरे प्रदेश के हर शहर और जिले में विजय शाह का पुतला जलाया गया।
इस मामले को लेकर आज प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में सैकडों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समूह श्यामला हिल्स में विजय शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने के लिए जुलूस के रूप में रवाना हुआ। सभी महिलाएं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुई और वहां से जुलूस के रूप में रवाना हुई। रास्ते में पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए पूरे रास्ते को जाम कर दिया। पुलिस के द्वारा महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया। इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ता बंद कर रोक लिया। इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करते हुए सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया अपने सैकड़ो महिला कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी।
इस आंदोलन के बाद रीना बौरासी सेतिया ने कहा है कि महिलाओं के लिए अपमानजनक भाषा किसी भी हालत में मंजूर नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार का जो भी मंत्री महिलाओं का अनादर करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ हम मोर्चा संभालेंगे। विजय शाह का मामला अभी समाप्त नहीं हुआ है। हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि महिलाओं को लेकर इतने गंदे विचार रखने वाले इस मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाएं। आने वाले दिनों में महिला कांग्रेस के द्वारा विजय शाह के खिलाफ और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

