श्योपुर/भोपाल 1 मार्च 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल रविवार को अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। एक ओर जहां श्योपुर जिले में वन्यजीव संरक्षण के तहत महत्वपूर्ण पहल की गई, वहीं मंडीदीप में सामाजिक समरसता और परंपरा से जुड़े कार्यक्रम में सहभागिता रही।
श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में कूनो नदी के तट पर आयोजित पुनर्वास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में दुर्लभ प्रजाति के 25 थ्री स्ट्राइप्ड रूफ कछुए तथा 53 घड़ियालों को जल में छोड़ा गया। यह पहल जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि कूनो क्षेत्र को वन्यजीवों के सुरक्षित आवास के रूप में विकसित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इसी दिन प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल मंडीदीप में क्षत्रिय लोणारी कुनबी समाज सेवा संगठन, रायसेन द्वारा आयोजित स्नेह मिलन, हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम एवं बुजुर्ग सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाए रखने पर जोर दिया तथा उपस्थित जनों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अखिल भारतीय लोणारी कुनबी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विष्णु राने भी मौजूद रहे।

दोनों कार्यक्रमों में एक ओर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तो दूसरी ओर सामाजिक समरसता एवं परंपरागत मूल्यों के संवर्धन का आह्वान किया गया।
