ब्रेकिंग

छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इंदौर से भोपाल तक ‘युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन’ का शुभारंभ

मोदी सरकार ने युवाओं के सपनों पर ताले लगाए हैं, कांग्रेस उन तालों को तोड़ने का संकल्प लेकर निकली है – जीतू पटवारी

200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा के माध्यम से छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, हजारों छात्र-युवा हुए शामिल

भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के आह्वान पर मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा संचालित 40 दिवसीय “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक ‘युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन’ का भव्य शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 200 किलोमीटर की यह यात्रा इंदौर से भोपाल तक युवाओं की आवाज़ बुलंद करते हुए भाजपा सरकार की छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों, लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ लोकतांत्रिक विरोध का प्रतीक बनेगी। यात्रा 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी।

यह साइकिल यात्रा नहीं, युवाओं के भविष्य को बचाने का आंदोलन है”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि यह केवल साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सम्मान, शिक्षा और भविष्य को बचाने का जनआंदोलन है। भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात किया है। प्रतियोगी परीक्षाओं के 90 से अधिक पेपर लीक होने की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को युवाओं के सवालों का जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है, हजारों शिक्षक पद रिक्त हैं, उच्च शिक्षा महंगी होती जा रही है और योग्य युवाओं को रोजगार के बजाय निराशा मिल रही है। भाजपा सरकार युवाओं को अवसर नहीं, केवल प्रचार दे रही है।

श्री पटवारी ने मांग की कि कक्षा केजी से पीजी तक गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा सुनिश्चित की जाए, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी भर्तियों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया लागू हो, रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्तियां की जाएं तथा शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक हस्तक्षेप एवं भ्रष्टाचार से मुक्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार में शिक्षा पर हमला, रोजगार पर ताला और भविष्य पर सवाल—यही भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है।” नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें। पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने युवाओं से 9 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय छात्र आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष भर्ती प्रणाली की लड़ाई अब निर्णायक चरण में है।

यात्रा का मार्ग

14 जुलाई को यात्रा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) आरएनटी मार्ग से प्रारंभ होकर रीगल चौराहा, हाई कोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल चौराहा, पाटनीपुरा, भमोरी, सयाजी चौराहा, लसूडिया, विजय नगर, सत्य साईं चौराहा, देवास नाका, मंगलिया, बायपास रोड, दकाच्या, क्षिप्रा, देवास शहर से सोनकच्छ होते हुए आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।15 जुलाई को यात्रा आष्टा से प्रारंभ होकर भोपाल पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान विभिन्न नगरों एवं चौराहों पर स्थानीय नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइक्लोथॉन का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर युवाओं के संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें
– केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
– नीट एवं सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच।
– पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई।
– सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।
– केजी से पीजी तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लागू की जाए।
– सभी रिक्त सरकारी पदों पर समयबद्ध भर्ती की जाए।
– सरकारी स्कूलों एवं महाविद्यालयों का सुदृढ़ीकरण किया जाए।
– पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साइक्लोथॉन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, विधायक सचिन यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, इंदौर जिला संगठन प्रभारी विजय लक्ष्मी साधौ, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े एवं श्री चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।