भोपाल, 6 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में बच्चों के अपहरण और गुमशुदगी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सरकार से तत्काल राज्य स्तरीय श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
पटवारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा कानून-व्यवस्था का सबसे संवेदनशील पैमाना है। उन्होंने एनसीआरबी 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 में प्रदेश में बच्चों के अपहरण के 11,594 मामले दर्ज हुए, जो महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे सबसे अधिक हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 19,131 बच्चों के लापता होने के मामले भी दर्ज हुए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रत्येक जिले में मासिक समीक्षा, लंबित मामलों की विशेष जांच, पुलिस व अन्य विभागों के बीच समन्वित तंत्र, मानव तस्करी के मामलों के लिए संयुक्त टास्क फोर्स के गठन तथा पिछले पांच वर्षों में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का सार्वजनिक विवरण जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा राजनीति नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और सरकार को इस मुद्दे पर पारदर्शी व समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
