ब्रेकिंग

ए.जी.ऑफिस से विक्की फैक्ट्री तिराहे तक सड़क का शेष काम जल्द पूरा होगा

राज्य शासन ने दी 16.45 करोड़ की पुनरीक्षित स्वीकृति

ग्वालियर, 03 नवंबर 2026/ ग्वालियर शहर के महत्वपूर्ण ए.जी. ऑफिस से विक्की फैक्ट्री तिराहे तक 4.50 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का अधूरा व्हाइट टॉपिंग निर्माण कार्य अब जल्द पूरा होगा । राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य के लिए 16 करोड़ 45 लाख 53 हजार रुपये की पुनरीक्षित वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर यह स्वीकृति मिली है।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को अर्धशासकीय पत्र लिखकर इस मार्ग के अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक स्वीकृति जारी करने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि यह मार्ग ग्वालियर शहर के यातायात के साथ-साथ शिवपुरी और झांसी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों एवं भारी वाहनों के आवागमन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य अधूरा रहने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में असुविधा हो रही है। कलेक्टर के पत्र पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा पुनरीक्षित वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। प्रमुख अभियंता कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, भोपाल द्वारा जारी आदेश के तहत इस कार्य की स्वीकृत राशि 16 करोड़ 45 लाख 53 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग के व्हाइट टॉपिंग निर्माण कार्य के लिए पूर्व में 16 करोड़ 49 लाख 95 हजार रुपये की मूल प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई थी। मुख्य अभियंता, ग्वालियर परिक्षेत्र द्वारा प्रस्तुत पुनरीक्षित प्रस्ताव का परीक्षण करने के बाद शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रदत्त अधिकारों के तहत नई वित्तीय स्वीकृति अनुमोदित की गई है।
स्वीकृति आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार अतिरिक्त राशि के अनुपात में निष्पादन प्रतिभूति (परफॉरमेंस गारंटी) जमा कराई जाएगी तथा निर्माण कार्य के मूल स्वरूप में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

इस स्वीकृति से ए.जी. ऑफिस से विक्की फैक्ट्री तिराहे तक सड़क निर्माण का अधूरा कार्य शीघ्र पूरा होने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे ग्वालियर शहर के यातायात को सुगमता मिलेगी। साथ ही शिवपुरी एवं झांसी की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।