ममटी स्लैब की कास्टिंग के बाद तीसरे तल पर नियंत्रित डिवाटरिंग शुरू, 3 मीटर से 2.7 मीटर तक घटाया गया जलस्तर; स्मार्ट सिटी सीईओ टी. प्रतीक राव ने बताया तकनीकी आधार
ग्वालियर, 13 नवंबर 2026। महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन अंडरग्राउंड मल्टीलेवल कार पार्किंग का काम अब एक महत्वपूर्ण तकनीकी चरण में पहुंच गया है। लंबे समय से भूमिगत जलस्तर और निर्माण की तकनीकी चुनौतियों के बीच चल रहे इस प्रोजेक्ट में ममटी स्लैब की कास्टिंग पूरी होने के बाद तीसरे तल से चरणबद्ध तरीके से पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्मार्ट सिटी सीईओ एवं नगर निगम अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के निर्देशन में निर्माण एजेंसी एलएंडटी द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से नियंत्रित डिवाटरिंग की जा रही है। इसके तहत तीसरे तल का जलस्तर 3 मीटर से घटाकर 2.7 मीटर किया गया है।
स्मार्ट सिटी प्रबंधन इसे निर्माण कार्य में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण तकनीकी कदम बता रहा है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर भूमिगत पार्किंग में जलस्तर को नियंत्रित करना इतना चुनौतीपूर्ण क्यों है और अब तक निर्माण की गति को प्रभावित करने वाली परिस्थितियों से परियोजना कितनी आगे निकल पाई है?
सुरक्षा के साथ पानी निकालने का दावा, लेकिन तकनीकी निगरानी कितनी अहम?
स्मार्ट सिटी सीईओ टी. प्रतीक राव के मुताबिक, किसी भी गहरी भूमिगत संरचना में भूजल का दबाव नीचे से ऊपर की ओर प्रभाव डालता है। ऐसे में पानी को एक साथ निकालना संरचना की सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं होता। ममटी स्लैब की कास्टिंग पूरी होने के बाद संरचना का भार बढ़ा है। इसी आधार पर इंजीनियरिंग टीम ने स्ट्रक्चरल लोड कैलकुलेशन किया और उसके अनुरूप चरणबद्ध तरीके से जलस्तर कम किया।
यहां सवाल यह भी है कि डिवाटरिंग की पूरी प्रक्रिया में भूजल के दबाव, संरचना के भार और आसपास की इमारतों एवं सड़कों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की निगरानी किस तकनीकी व्यवस्था से की जा रही है? स्मार्ट सिटी प्रबंधन का कहना है कि पानी निकालने की मात्रा और गति को नियंत्रित रखा जा रहा है, ताकि आसपास की सड़कों, सीवर व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
अब वाटरप्रूफिंग और फिनिशिंग के काम में आएगी तेजी?
सीईओ के अनुसार, जलस्तर घटने से कार्यक्षेत्र का दायरा बढ़ा है। इससे वाटरप्रूफिंग, फिनिशिंग सहित शेष निर्माण कार्यों को समानांतर रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रत्येक चरण की निगरानी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता और संरचनात्मक सुरक्षा के साथ परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
हालांकि, शहरवासियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण सवाल अब भी यही है कि महाराज बाड़ा की इस महत्वाकांक्षी पार्किंग परियोजना का शेष निर्माण कब तक पूरा होगा? क्या नियंत्रित डिवाटरिंग से वास्तव में निर्माण की गति में अपेक्षित तेजी आएगी? और क्या स्मार्ट सिटी प्रबंधन अब परियोजना की शेष समय-सीमा, निर्माण के बाकी चरणों तथा पार्किंग को आम नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की स्पष्ट तारीख भी सार्वजनिक करेगा?
फिलहाल स्मार्ट सिटी प्रबंधन का दावा है कि तकनीकी गणना और सतत मॉनिटरिंग के आधार पर निर्माण को गति दी जा रही है। अब देखना यह है कि यह तकनीकी पहल महाराज बाड़ा की पार्किंग को शीघ्र धरातल पर उतारने में कितनी प्रभावी साबित होती है।
