महामंत्री पद से भी हटाया, कुंदन कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी; बीना सिंह संयुक्त मंत्री नामित
प्रयागराज 11 सितंबर 2026। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ में संगठनात्मक विवाद के बीच जोनल कार्यसमिति की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निलंबित महामंत्री रूपम पाण्डेय को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते महामंत्री पद से दायित्वमुक्त करते हुए पांच वर्ष के लिए संगठन की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। उनके स्थान पर संयुक्त मंत्री कुंदन कुमार सिंह को नया महामंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि कार्यसमिति सदस्य बीना सिंह को संयुक्त मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नोटिस और अनुशासन समिति की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
प्रयागराज में केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई जोनल कार्यसमिति की बैठक में 20 में से 16 कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे। बैठक में भारतीय मजदूर संघ तथा भारतीय रेलवे मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में रूपम पाण्डेय के खिलाफ संगठन की ओर से की गई कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को उन्हें 15 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 31 अगस्त को सात दिन में जवाब देने के लिए अनुस्मारक नोटिस भी दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ।
संगठन ने दावा किया कि 16 अगस्त को गठित अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट में भी रूपम पाण्डेय द्वारा संगठन विरोधी गतिविधियां किए जाने की बात सामने आई। कार्यसमिति में चर्चा के बाद सर्वसम्मति से उन्हें महामंत्री पद से हटाने और पांच वर्ष के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया।
कुंदन कुमार सिंह बने नए महामंत्री
कार्यसमिति ने रिक्त हुए महामंत्री पद पर तत्काल प्रभाव से संयुक्त मंत्री कुंदन कुमार सिंह को नियुक्त किया। वहीं कार्यसमिति सदस्य बीना सिंह को संयुक्त मंत्री नामित किया गया। बैठक में श्रमिकों की समस्याओं और संगठन से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि उप श्रम आयुक्त एवं उप रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन्स, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज क्षेत्र के कार्यालय से 29 अगस्त 2026 को जारी पत्र में भी रूपम पाण्डेय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े आरोपों पर अपना पक्ष प्रस्तुत करने तथा 11 सितंबर की कार्यसमिति बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए थे। पत्र में अनुपालन नहीं होने की स्थिति में उनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की बात कही गई थी।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष निर्भय सिंह, उपाध्यक्ष रूकमानंद पाण्डेय, मनोज कुमार झा, संयुक्त मंत्री बंशी बदन झा, कोषाध्यक्ष अजय सिंह सहित कार्यसमिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक के संचालन की जिम्मेदारी कुंदन कुमार सिंह ने संभाली।
