सकोरे वितरण के साथ दिया पर्यावरण व प्राणी सेवा का संदेश
भोपाल। वनवासी कन्या छात्रावास, 1100 क्वार्टर हनुमान मंदिर के सामने आयोजित दो दिवसीय किशोर भारती प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 30 से 31 मई तक किया गया, जिसमें भोपाल महानगर की विभिन्न बस्तियों से आए 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 68 किशोर युवाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का निर्माण, व्यक्तित्व विकास, संगठन विस्तार, बस्तियों की समस्याओं के समाधान तथा सेवा कार्यों को गति प्रदान करना था। कार्यक्रम में कुल पांच प्रशिक्षण सत्र एवं एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। प्रतिभागियों को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संस्कारों से जोड़ने के लिए देशभक्ति गीत, वंदे मातरम् तथा महापुरुषों के जीवन प्रसंगों पर आधारित बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए गए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिव मंगल (अध्यक्ष, महानगर सेवा भारती) रहे, जबकि हरभजन शिवहरे (प्रांतीय सदस्य, सेवा भारती) एवं करण कौशिक (विभाग संयोजक, सेवा भारती) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शरद भार्गव (संभाग अध्यक्ष, सर्वोदय सामाजिक संस्था), सत्येंद्र साहू (उपाध्यक्ष, सेवा भारती साकेत मंडल) तथा एस.के. मेहरा सहित अनेक समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों एवं पर्यावरण प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर सर्वोदय सामाजिक संस्था (रजि.) द्वारा आयोजित “अहिंसा महामहोत्सव-2026” के अंतर्गत सकोरे वितरित कर प्राणी सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। संस्था के अध्यक्ष पंकज जैन के विशेष सहयोग से चलाए जा रहे इस जन-जागरण अभियान के तहत लोगों को गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं अन्य जीवों के लिए जल की व्यवस्था करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्णकालिक कार्यकर्ता रत्नेश ने किया, जबकि पूर्णकालिक कार्यकर्ता सीमा हजारे की विशेष उपस्थिति भी रही। समापन अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं सेवा संकल्प के साथ हुआ।
