ब्रेकिंग

ग्वालियर में अपराध की तीन तस्वीरें: चाय की दुकान पर पिस्टल, पेट्रोल पंप पर फायरिंग और बांध में युवक की मौत

दो गुटों में लड़की को लेकर विवाद के बाद हथियार लहराया, पेट्रोल पंप की मशीन में लगी गोली; वीरपुर बांध में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत

ग्वालियर। शहर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती बढ़ा दी है। रूपसिंह स्टेडियम के पीछे चाय की दुकान पर युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के दौरान अवैध पिस्टल निकालकर धमकाने और मारपीट का मामला सामने आया है। वहीं डबरा के गिजौर्रा थाना क्षेत्र में आधी रात को एक पेट्रोल पंप पर अज्ञात युवक ने फायरिंग कर दी। तीसरी घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के वीरपुर बांध की है, जहां मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत हो गई।

चाय की दुकान पर विवाद के बाद पिस्टल लहराई

नगर पुलिस अधीक्षक रवि भदोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना विश्वविद्यालय अंतर्गत रूपसिंह स्टेडियम के पीछे चाय की दुकान पर दो गुटों के युवकों में लड़की से जुड़े विवाद को लेकर पहले बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल निकालकर दूसरे पक्ष को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के युवकों में हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित कीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को कार सहित हिरासत में लिया है। उनसे अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के कई युवकों की पहचान हो चुकी है और दोनों पक्षों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की जाएगी। फरार युवकों की तलाश जारी है।

आधी रात पेट्रोल पंप पर गोली चली, मशीन क्षतिग्रस्त

उधर डबरा के गिजौर्रा थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर आधी रात करीब तीन बजे अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली पेट्रोल डालने वाली मशीन में लगी, जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वक्त पंप बंद था और वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

सुबह कर्मचारी पंप पर पहुंचे तो मशीन क्षतिग्रस्त मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक युवक हाथ में बंदूक लेकर पेट्रोल पंप की ओर जाता दिखाई दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायरिंग करने वाला युवक कौन था और उसका पंप कर्मचारियों से कोई विवाद था या नहीं। पंप कर्मचारी शिवकुमार उपाध्याय की शिकायत पर गिजौर्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मछली पकड़ने निकला युवक वीरपुर बांध में डूबा

तीसरी घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के वीरपुर बांध की है। आपागंज निवासी शम्मी पुत्र नौशे खान घर से तालाब में मछली पकड़ने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान वह वीरपुर बांध में डूब गया। सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक के शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।