15 अगस्त सुबह 5 बजे UG Films के YouTube चैनल पर होगा प्रसारण
ग्वालियर 12 अगस्त 2026। ग्वालियर-चंबल अंचल के प्रसिद्ध श्री शनिश्चरा मंदिर और भगवान शनिदेव की महिमा, न्याय एवं कर्मफल की अवधारणा पर आधारित पौराणिक डॉक्यू-ड्रामा ‘त्रेता के शनिदेव’ अब जनता की विशेष मांग पर YouTube पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 15 अगस्त, शनिवार को सुबह 5 बजे UG Films के आधिकारिक YouTube चैनल पर किया जाएगा।
UG Films द्वारा निर्मित इस फिल्म का प्रसारण पूर्व में DD National पर हो चुका है। इसके बाद फिल्म को प्रसार भारती के OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर भी दर्शकों का स्नेह मिला। अब दर्शकों की लगातार मांग को देखते हुए फिल्म को YouTube के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है।
श्री शनिश्चरा मंदिर और त्रेता युग की कथा
फिल्म की कहानी ग्वालियर-चंबल अंचल में स्थित प्राचीन श्री शनिश्चरा मंदिर से जुड़ी मान्यताओं और भगवान शनिदेव की पौराणिक गाथा पर केंद्रित है। फिल्म में शनिदेव की उत्पत्ति, उनके व्यक्तित्व, न्यायप्रियता, कर्मफल तथा भगवान श्रीराम के त्रेता युग से जुड़े प्रसंगों को डॉक्यूमेंट्री और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
श्री शनिश्चरा मंदिर को देश के प्रमुख शनिदेव मंदिरों में माना जाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं और विशेष रूप से शनिश्चरी अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए आते हैं।
पुरातत्वविद् के.के. मुहम्मद की जानकारी भी फिल्म का हिस्सा
फिल्म में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् के.के. मुहम्मद से जुड़ी जानकारी और श्री शनिश्चरा मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को भी स्थान दिया गया है। मंदिर की प्राचीनता और उससे जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से दर्शकों को इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को एक अलग दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिलता है।
प्रमुख गीत ‘सुनो कहानी शनिदेव की’:फिल्म का प्रमुख गीत ‘सुनो कहानी शनिदेव की’ स्थानीय रचनाकार, गीतकार और संगीतकार द्वारा तैयार किया गया है। यह गीत फिल्म की पौराणिक कथा और भगवान शनिदेव के चरित्र को संगीत के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा तैयार किए गए इस गीत में क्षेत्र की सांस्कृतिक संवेदना और भक्ति भाव को विशेष रूप से स्थान दिया गया है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से बनी फिल्म
त्रेता के शनिदेव का निर्माण मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से किया गया है। फिल्म का उद्देश्य मध्यप्रदेश की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाना भी है। फिल्म के माध्यम से ग्वालियर-चंबल अंचल की महत्वपूर्ण धार्मिक पहचान श्री शनिश्चरा मंदिर को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें ग्वालियर और आसपास के क्षेत्र के कलाकारों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रमुखता से अवसर दिया गया है। फिल्म के निर्माण में स्थानीय कलाकारों, तकनीकी टीम और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
निर्देशक उमेश गोंहजे की अपील
फिल्म के निर्देशक उमेश गोंहजे ने दर्शकों से अपील की है कि वे 15 अगस्त को सुबह 5 बजे UG Films के YouTube चैनल पर ‘त्रेता के शनिदेव’ अवश्य देखें और फिल्म को अपने परिवार एवं मित्रों के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल भगवान शनिदेव की पौराणिक कथा प्रस्तुत करने का प्रयास नहीं है, बल्कि ग्वालियर-चंबल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का एक प्रयास भी है।
YouTube पर डिजिटल प्रीमियर: DD National और Prasar Bharati के OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर प्रसारण के बाद अब फिल्म को YouTube के माध्यम से अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
