ब्रेकिंग

आगरा छावनी स्टेशन पर स्वच्छता अभियान, यात्रियों ने लिया ‘स्वच्छ स्टेशन–स्वच्छ भारत’ का संकल्प

स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्टेशन परिसर में चला विशेष सफाई अभियान, यात्रियों को जिम्मेदार पर्यटन के प्रति किया जागरूक

आगरा, 27 सितंबर 2026। स्वच्छता पखवाड़ा अभियान 2026 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को आगरा छावनी स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर श्री संतोष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान DCI आगरा, RPF आगरा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं उनकी टीम ने भाग लिया। स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र और ‘I Love Agra’ सेल्फी पॉइंट के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर यात्रियों को स्वच्छ स्टेशन परिसर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

यात्रियों को दिलाया स्वच्छता का संकल्प

अभियान के साथ यात्रियों के लिए जागरूकता कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें स्वच्छता के साथ जिम्मेदार पर्यटन (Responsible Tourism) की आवश्यकता पर जोर देते हुए यात्रियों से सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

यात्रियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए सेल्फी पॉइंट तथा सिग्नेचर एवं प्रतिज्ञा पॉइंट बनाए गए, जहां यात्रियों ने ‘स्वच्छ स्टेशन–स्वच्छ भारत’ के संकल्प के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

स्वच्छता में यात्रियों की भागीदारी जरूरी

इस अवसर पर स्टेशन डायरेक्टर श्री संतोष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्टेशन परिसर को निरंतर साफ-सुथरा बनाए रखना है। उन्होंने यात्रियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की।