सुपर सकर मशीन से सीवर सफाई का महाअभियान जारी
ग्वालियर 2 मई 2026। यूं तो ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अक्सर सुबह-सुबह उप नगर ग्वालियर के विभिन्न गली-मोहल्लों में सीवर सफाई कार्य का निरीक्षण करते देखे जाते हैं, लेकिन ऊर्जा मंत्री का सीवर सफाई के प्रति जुनून शुक्रवार की मध्य रात्रि उप नगर ग्वालियर के रहवासियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
वाक्या शुक्रवार का है उप नगर ग्वालियर के किला गेट से सीवर सफाई महाअभियान रात 9.30 बजे शुरु हुआ। सीवर सफाई का यह क्रम किला गेट से बढ़ते हुए घास मंडी चौराहा,तानसेन टॉकीज, छोटा बाजार, बाबा कपूर होते हुए रात 2 बजे गोलंदाज मोहल्ला पर पहुंचा। सबसे खास बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्वयं स्थल पर खड़े रहकर सीवर सफाई अभियान को निर्देशित किया, बल्कि जनसेवा, स्वच्छता और जनसंपर्क के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय सम्मानित नागरिकों से घर-घर संपर्क कर आत्मीय संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा बिजली, पानी, स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने जनसुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनभागीदारी के माध्यम से ‘स्वच्छ ग्वालियर-स्वस्थ ग्वालियर’ का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
उल्लेखनीय है कि ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर जनकल्याण समिति ग्वालियर द्वारा उप नगर में भूमिगत सीवेज पाइप लाइनों, मैनहोल और ड्रेनेज सिस्टम से गंदगी, मलबे, गाद और रुकावटों को हटाने का एक सुनियोजित प्रयास किया जा है। इस सीवर सफाई अभियान के पीछे ऊर्जा मंत्री की मंशा ग्वालियर उप नगर को स्वच्छ रखने, संक्रमण मुक्त वातावरण बनाने और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत दिलाने, जलभराव की स्थिति से मुक्त रखने, स्वच्छता बनाए रखने, बीमारियों के प्रसार को कम करने और आधुनिक मशीनों का उपयोग करके सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है। अभियान के तहत अब पारंपरिक तरीकों के बजाय सुपर सकर मशीन का उपयोग किया जा रहा है।
