ब्रेकिंग

ग्वालियर के वैभव शर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय में रचा इतिहास

महज 20 वर्ष की उम्र में हंसराज कॉलेज के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर बने मध्य प्रदेश के पहले छात्र

ग्वालियर। ग्वालियर निवासी मेधावी छात्र वैभव शर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज में अध्यक्ष पद का चुनाव जीतकर न केवल अपने परिवार और शहर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। महज 20 वर्ष की उम्र में अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होकर उन्होंने कॉलेज के छात्र राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।

वैभव शर्मा दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने वाले मध्य प्रदेश के पहले छात्र बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही, वे हंसराज कॉलेज में सबसे कम उम्र में अध्यक्ष बनने वाले छात्र भी हैं। उनकी इस उपलब्धि ने ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व की भावना पैदा की है।

वैभव शर्मा ग्वालियर निवासी शिक्षक सत्येंद्र शर्मा के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्वालियर के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 से प्राप्त की, जहां वे एक मेधावी छात्र के रूप में पहचाने जाते थे। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ वैभव की रुचि सामाजिक सरोकारों, छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों में रही है।

वैभव शर्मा का लक्ष्य भविष्य में एक अच्छे राजनेता और विचारक के रूप में समाज सेवा करना तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना है। हंसराज कॉलेज के अध्यक्ष पद पर उनकी जीत को उनके नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास और जनसेवा के प्रति समर्पण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

वैभव की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, मित्रों, शिक्षकों और ग्वालियरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।