ब्रेकिंग

छह वर्ष नौ माह से हर मंगलवार 11 बार हनुमान चालीसा पाठ, युवाओं को नशामुक्ति और सामाजिक चेतना का संकल्प

घनश्याम भदौरिया की अगुवाई में रानीपुरा के भैरों बाबा मंदिर में लगातार चल रहा धार्मिक अभियान, सैकड़ों युवा-बच्चे होते हैं शामिल

ग्वालियर। शहर में धार्मिक आस्था के साथ युवा जागरण और सामाजिक चेतना का एक अनूठा अभियान लगातार छह वर्ष नौ माह से जारी है। युवा घनश्याम भदौरिया की अगुवाई में चार शहर का नाका स्थित रानीपुरा के भैरों बाबा मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को श्री हनुमान चालीसा के 11 पाठ और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।

इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य केवल हनुमान भक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को एकजुट कर उनमें धार्मिक एवं सामाजिक चेतना पैदा करना और उन्हें बुरी संगत और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना भी है।

11 पाठ के बाद महाआरती और संकल्प

आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक बालक-बालिका एवं युवा द्वारा हनुमान चालीसा के 11-11 पाठ किए जाते हैं। इसके बाद सामूहिक महाआरती होती है। महाआरती के पश्चात उपस्थित लोगों को नशामुक्ति, सामाजिक चेतना और सामाजिक समरसता का संकल्प दिलाया जाता है।

हर मंगलवार जुटते हैं सैकड़ों बच्चे और युवा

पिछले छह वर्ष नौ माह से लगातार चल रहे इस आयोजन में प्रत्येक मंगलवार बड़ी संख्या में बच्चे और युवा शामिल हो रहे हैं। आयोजकों के अनुसार करीब सैकड़ों लोग नियमित रूप से श्री हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती में सहभागी बनकर धार्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान धार्मिक आयोजन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और समाज में नशामुक्ति तथा सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास है।