203 कर्मचारियों के ट्रांसफर आदेश जारी
झांसी, 06 अप्रैल 2026। रेलवे बोर्ड की निर्धारित नीति एवं मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप झांसी मंडल ने आवधिक स्थानांतरण (रोटेशनल ट्रांसफर) नीति के पालन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में संवेदनशील पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर ली गई है।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा के समन्वय में सभी शाखाओं के सहयोग से दिनांक 31 मार्च 2026 तक कुल 203 कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए, जो मंडल प्रशासन की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंडल प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि संवेदनशील पदों पर कार्यरत कर्मचारियों का स्थानांतरण निर्धारित अवधि पूर्ण होने से पहले ही समयबद्ध तरीके से किया जाए। इस प्रक्रिया में रेलवे बोर्ड एवं सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया गया।
वर्तमान स्थिति के अनुसार, झांसी मंडल में रोटेशनल ट्रांसफर से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं है। यह पहल प्रशासनिक पारदर्शिता, निष्पक्षता और कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों एवं सतर्कता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
