सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
पिपरिया/नर्मदापुरम। लोकसभा क्षेत्र नर्मदापुरम के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने पिपरिया क्षेत्र के ग्राम तरौन कला और मटकुली में सामुदायिक मंगल भवन परिसर के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रमों में भाग लिया। कार्यक्रम विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने की।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक मंगल भवन के निर्माण से गांवों में विवाह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध होगी।
सांसद चौधरी ने ग्रामीणों को VB–GRAM कार्यक्रम की भी जानकारी दी और इसके माध्यम से गांवों के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्माण कार्य ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मटकुली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद चौधरी ने कहा कि यह सामुदायिक मंगल भवन विशेष रूप से जनजातीय समाज के विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे गांव में सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त केंद्र उपलब्ध होगा। ग्राम तरौन कला में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसानों ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी को अपने खेतों में उगाई गई शुद्ध एवं प्राकृतिक सब्जियां भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संध्या सिंगारे, पिपरिया नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नीना नवनीत नागपाल, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान सदस्य नीतिराज सिंह पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कुसुमलता पटेल, जिला पंचायत सदस्य बृजकिशोर पठारिया एवं मनोहर बैकर, जनपद सदस्य रेखा बाई, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोपाल दास दूदानी, मंडल अध्यक्ष प्रशांत रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने ग्रामों के विकास कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया और सामुदायिक मंगल भवन के निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
