ब्रेकिंग

मंगलाचरण के साथ सत्र का शुभारंभ, सांदीपनि विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव

ग्वालियर,1 अप्रैल 2026। सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीडी नगर मुरार में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री रणजीत सिंह चौहान, उप प्राचार्य श्री अहिवरन सिंह कुशवाह एवं प्रधानाध्यापक श्री देशराज सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं श्रीमती नीलम चौहान एवं श्रीमती ममता शर्मा ने सरस्वती वंदना की सुमधुर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया।

नवीन विद्यार्थियों का पारंपरिक स्वागत

विद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का पारंपरिक तरीके से रोली तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नई पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे उनके नए शैक्षणिक जीवन की सशक्त शुरुआत सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे श्री ओम प्रभाकर चौधरी ने मुक्तकों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री रणजीत सिंह चौहान ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने मिलकर नए सत्र की सफल शुरुआत का संकल्प लिया।