ग्वालियर। नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने देर रात सख्त कार्रवाई की। रविवार रात सिटी सेंटर इलाके में पुलिस ने मोबाइल चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया। सीएसपी रवि भदौरिया और ट्रैफिक प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय थाना, सिरोल थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने सिटी सेंटर से लेकर एयरटेल गली और इनकम टैक्स ऑफिस के आसपास वाहनों की जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की और वाहन चालकों की गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले तीन वाहन चालकों को पकड़ा गया। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए चालान बनाए। इसके अलावा वाहनों में बिना नंबर प्लेट, अवैध पार्किंग, मोटर वाहन कानून के उल्लंघन और अन्य यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, एक कार चालक के वाहन के शीशों पर फिल्म लगी मिली, जिस पर भी जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 18 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 46 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। खास तौर पर रात के समय शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
