ब्रेकिंग

संविधान गौरव दिवस पर भोपाल में कांग्रेस पर भाजपा का तीखा हमला

मोहन यादव, हेमंत खण्डेलवाल और गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संविधान के सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और बाबा साहब के योगदान पर रखे विचार

भोपाल, 26 नवंबर 2026। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित प्रदर्शनी और प्रबुद्धजन संगोष्ठी में भाजपा ने संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने के आरोप लगाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संविधान का हमेशा अपमान करने वाली कांग्रेस आज दिखावे के लिए संविधान की प्रति लहराती है, जबकि उसके शासनकाल में संविधान की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। उन्होंने आपातकाल, न्यायपालिका के अधिकारों में हस्तक्षेप और प्रेस पर सेंसरशिप को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर घटनाएं बताते हुए कहा कि संविधान केवल सत्ता संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करने वाला मार्गदर्शक है।

आपातकाल और संविधान संशोधनों पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री मोहन यादवमुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में संशोधन संसद का अधिकार है, लेकिन इस शक्ति का उपयोग उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने आपातकाल के दौरान हुए 39वें और 42वें संविधान संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में न्यायपालिका की शक्तियों को सीमित करने और प्रेस-मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने जैसे कदम उठाए गए।

डॉ. यादव ने कहा कि संविधान में हुए बदलावों और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को देश के लोकतांत्रिक इतिहास की वास्तविक जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत की जनता को संविधान ने सरकार चुनने और गलत कार्य करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करने की शक्ति दी है। लोकतंत्र में सत्ता किसी परिवार की विरासत नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से प्राप्त जिम्मेदारी है।

संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का नाम इंडिया के स्थान पर भारत रखने की पैरवी से लेकर राष्ट्रीय प्रतीक के चित्रांकन तक प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सेठ गोविंद दास, हरि विष्णु कामथ, डॉ. हरिसिंह गौर और पंडित दीनानाथ भार्गव सहित प्रदेश से जुड़े व्यक्तित्वों के योगदान का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता, बंधुता और लोकतांत्रिक मूल्यों में निहित है। इन आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित रखने के बजाय अपने आचरण और कार्यप्रणाली में उतारना आवश्यक है।

बाबा साहब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान

हेमंत खंडेलवालभाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संविधान भारत की एकता, समानता और बंधुता की आत्मा है। इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक भेदभाव और पीड़ा को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि संघर्ष की प्रेरणा बनाया और समाज को नई दिशा दी।

खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।

कांग्रेस पर बाबा साहब को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का व्यक्तित्व संविधान निर्माण तक सीमित नहीं था। वे महान अर्थशास्त्री, सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक और आधुनिक भारत के दूरदर्शी चिंतक थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने वंचितों, शोषितों और महिलाओं को अधिकार एवं सम्मान दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

संगोष्ठीशेखावत ने कांग्रेस पर बाबा साहब के योगदान को उचित सम्मान नहीं देने और उन्हें चुनाव हराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचारों को समझने के लिए सामाजिक न्याय के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, महिला अधिकारों और संवैधानिक समानता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी समझना होगा।

उन्होंने युवाओं से संविधान को केवल पढ़ने तक सीमित न रखने, बल्कि उसके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उनके अनुसार गरीब और कमजोर व्यक्ति की सहायता करना, जातिगत भेदभाव का विरोध करना तथा महिलाओं को समान सम्मान देना ही संविधान की भावना को मजबूत करने का वास्तविक तरीका है।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान जरूरी

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान, तथ्यों पर आधारित राजनीतिक विमर्श और नागरिकों में कर्तव्यबोध आवश्यक है। असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रोहित आर्य ने संविधान की सर्वोच्चता और विधि के शासन को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों को समझने तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग सामाजिक सद्भाव और नागरिक गरिमा को ध्यान में रखकर करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तित्व, डॉक्टर, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, वकील और इंजीनियर उपस्थित रहे। संगोष्ठी की प्रस्तावना न्यायमूर्ति रोहित आर्य ने रखी तथा आभार जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने व्यक्त किया।