ब्रेकिंग

संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, पटवारी बोले—संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा

जबलपुर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेशभर से जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता; उमंग सिंघार ने भाजपा को बाबा साहेब का संविधान पढ़ने की नसीहत दी, अरुण यादव ने मतदाता सूचियों पर सतर्क निगरानी का किया आह्वान

जबलपुर, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस पर गुरुवार को संस्कारधानी जबलपुर में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा संकल्प मार्च निकालकर लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश दिया। प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित मार्च के जरिए पार्टी ने संविधान की रक्षा को नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना देश के हर नागरिक और कांग्रेस परिवार की जिम्मेदारी है। संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता प्रदान की।

पटवारी ने कहा कि संविधान यह सुनिश्चित करता है कि देश किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर चले। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और नागरिक अधिकारों पर दबाव बनाने की कोशिशों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि आज मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए।

देश चलाने से पहले भाजपा बाबा साहेब का संविधान पढ़ ले

उमर सिंगर का प्रदर्शननेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के संविधान निर्माण में कांग्रेस के योगदान को पूरा देश जानता है। इसी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।

सिंघार ने कहा कि भाजपा को देश चलाने से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान पढ़ना चाहिए और उसके मूल्यों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को दोबारा गुलामी की ओर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करती रहेगी।

मतदाता सूचियों पर पैनी निगाह रखने का आह्वान

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों पर सतर्क निगरानी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सरकारों पर संविधान को कमजोर करने के आरोप लग रहे हैं, ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखना जरूरी है।

यादव ने कहा कि कांग्रेस, INDIA गठबंधन के साथ राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यह संघर्ष केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों की जांच करने और किसी भी गड़बड़ी के प्रति सजग रहने की अपील की।

प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी

संविधान रक्षा संकल्प मार्च में राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, तरुण भनोट, लखन घनघोरिया, जयवर्धन सिंह सहित प्रदेश के विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

कांग्रेस का प्रदर्शनइसके अलावा सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मार्च के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।