12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
ग्वालियर 8 सितंबर 2026। डबरा एवं दतिया रेलवे स्टेशनों को आधुनिक एवं यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसरों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने डबरा एवं दतिया स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने फुटओवर ब्रिज के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली तथा यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दोनों स्टेशनों पर प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन अन्य अमृत भारत स्टेशन योजना संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान डबरा स्टेशन के गुड्स शेड का भी जायजा लिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने माल लदान एवं परिवहन से संबंधित सुविधाओं तथा परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार एवं बेहतर संचालन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
यात्री सुविधाओं के दृष्टिगत डबरा स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए विकसित की जा रही पार्किंग सुविधा तथा स्टेशन के पूर्वी एवं पश्चिमी हिस्से के संपूर्ण सर्कुलेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के आवागमन, वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया।
दतिया स्टेशन के निरीक्षण के दौरान वीआईपी रूम सहित स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने स्टेशन भवन, यात्री सुविधाओं एवं अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत (उत्तर) श्री अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ओ एंड एफ) श्री गौरव समेत विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
