ब्रेकिंग

कश्मीर से रायसेन तक—विकास, शिक्षा और कृषि पर केंद्रित सांसद चौधरी की सक्रियता

श्रीनगर/रायसेन, 8 अप्रैल 2026। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने अपने हालिया जम्मू-कश्मीर प्रवास के दौरान जहां एक ओर श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक का दौरा कर बदलते कश्मीर के सकारात्मक स्वरूप को रेखांकित किया, वहीं संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे में भाग लेकर उच्च शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में 11 से 13 अप्रैल तक प्रस्तावित राष्ट्रीय कृषि मेले को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं।

लाल चौक से दिखा बदलते कश्मीर का नया चेहरा

श्रीनगर स्थित लाल चौक पहुंचकर सांसद चौधरी ने कहा कि जो स्थान कभी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का प्रतीक था, आज वह शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने इस परिवर्तन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों को देते हुए कहा कि कश्मीर में तेजी से विकास, बढ़ता पर्यटन और लोगों का बढ़ता विश्वास इस बदलाव के स्पष्ट संकेत हैं।

संसदीय समिति में उच्च शिक्षा पर मंथन

संसद की शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के दौरान सांसद चौधरी ने केंद्र एवं जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों के साथ उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, अधोसंरचना विकास, शोध एवं नवाचार जैसे विषयों पर गहन चर्चा की।

इस दौरान समिति ने कश्मीर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और प्रगति का अवलोकन किया। सांसद ने कहा कि सरकार देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

रायसेन में राष्ट्रीय कृषि मेले की तैयारी

इधर मध्यप्रदेश के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए नीतिराज सिंह पटेल ने बताया कि मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, नवीन उपकरणों और आय बढ़ाने के उपायों से अवगत कराना है।

मेले में कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और उन्नत किसानों द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “किसानों की प्रगति ही देश की समृद्धि का आधार है” और इसी सोच के साथ यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चल रही किसान कल्याण योजनाओं की भावना के अनुरूप है। मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री की तीनों दिन उपस्थिति प्रस्तावित है।

समन्वित विकास की झलक

सांसद चौधरी द्वारा बैठकएक ओर कश्मीर में शांति और विकास की नई तस्वीर उभर रही है, तो दूसरी ओर शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में नीतिगत सुधार और जनजागरूकता के प्रयास तेज हो रहे हैं। सांसद दर्शन सिंह चौधरी की सक्रियता इन तीनों क्षेत्रों—राष्ट्रीय एकता, शिक्षा सुधार और कृषि उन्नति—में समन्वित विकास की दिशा को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।