युवाओं के लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की सांसद ने की सराहना
विकसित भारत संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : सांसद दर्शन सिंह चौधरी
नर्मदापुरम। जिला नर्मदापुरम के सिवनी मालवा विधानसभा अंतर्गत बानापुरा स्थित कुसुम महाविद्यालय में आयोजित विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने युवा प्रतिभागियों से संवाद करते हुए वर्ष 1975 के आपातकाल विषय पर विस्तार से चर्चा की तथा लोकतंत्र की रक्षा और उसके सुदृढ़ीकरण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रेमशंकर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य अजीत मंडलोई, नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा योगेंद्र राजपूत, मंडल अध्यक्ष नीरज, वरुण रघुवंशी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता वीरू मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सभी आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी।
