ग्वालियर, 22 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा (15 जुलाई से 29 जुलाई 2026) के अंतर्गत सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीडी नगर में बुधवार को करियर मार्गदर्शन एवं विशेषज्ञ व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के उप प्राचार्य श्री आहिवरण सिंह कुशवाह ने की।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री आर.के. दुबे (शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शंकरपुर, जिला ग्वालियर) मुख्य अतिथि तथा युवा गतिविधि प्रमुख श्री यशपाल ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि श्री यशपाल ठाकुर ने “सा विद्या या विमुक्तये” सूत्र वाक्य के माध्यम से विद्यार्थियों को गुरु के महत्व, भारतीय शिक्षा परंपरा तथा वर्तमान शिक्षा पद्धति के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। वहीं मुख्य अतिथि श्री आर.के. दुबे ने अपने 45 वर्षों के शैक्षणिक अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. संजय सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में उपलब्ध नए एवं स्थायी पाठ्यक्रमों तथा उनसे जुड़ी रोजगार संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री ओ.पी. चौधरी ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री देशराज सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से कार्यक्रम में प्राप्त मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
