ब्रेकिंग

ग्वालियर में सड़क हादसे में दंपती घायल, नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को भेजा जेल

ग्वालियर। शहर में अलग-अलग घटनाओं में एक ओर तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं डबरा क्षेत्र में 13 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है।

गाय को रोटी देने जा रहे दंपती को कार ने मारी टक्कर

झांसी रोड थाना क्षेत्र की चेतकपुरी रोड पर रात के समय गाय को रोटी डालने जा रहे स्कूटी सवार दंपती को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विजय नगर निवासी भूपेंद्र सुखीजा और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर के बाद दंपती सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। घायल महिला को मल्टीपल इंजरी होने के चलते उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।

13 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

दूसरी घटना डबरा ब्लॉक के टेकनपुर क्षेत्र की है, जहां 13 वर्षीय बालिका के साथ पड़ोसी द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक आरोपी शशिकांत परिहार ने बालिका को अकेला पाकर गलत नीयत से पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। घर पहुंचकर बालिका ने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।