फिटनेस प्रमाणन के बाद ही संचालित होंगे झूले, आवंटित दुकानदारों को शीघ्र दुकानें शुरू करने के निर्देश
ग्वालियर 20 जुलाई 2026/ ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जा रहे सावन मेले की तैयारियां तेजी से जारी हैं। मेले के लिए अब तक 111 दुकानों एवं झूलों का आवंटन किया जा चुका है। आवंटित दुकानों और झूलों की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ हो गया है, जिससे मेले का स्वरूप धीरे-धीरे आकार लेने लगा है।
मेला प्राधिकरण ने सभी झूला संचालकों को निर्देशित किया है कि वे फिटनेस प्रमाणन प्राप्त करने के बाद ही झूलों का संचालन प्रारंभ करें। यह व्यवस्था मेले में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित की गई है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला के सचिव श्री सुनील त्रिपाठी ने बताया कि जिन दुकानदारों को दुकानें आवंटित की जा चुकी हैं, उनसे आग्रह किया गया है कि वे बिना विलंब अपनी दुकानें स्थापित कर व्यापार प्रारंभ करें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई आवंटी निर्धारित समय में दुकान स्थापित नहीं करता है, तो उसके दुकान आवंटन को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी संबंधित आवंटी की स्वयं की होगी।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण ने सभी आवंटियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध रूप से आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा मेले के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
