ब्रेकिंग

दतिया उपचुनाव: भाजपा ने विकास और डबल इंजन सरकार के नाम पर मांगे वोट, कांग्रेस ने बदलाव का किया दावा

दतिया, 18 जुलाई 2026। दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार ने शनिवार को और गति पकड़ ली। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अलग-अलग कार्यकर्ता बैठकों के माध्यम से अपने-अपने पक्ष को मजबूत करने का प्रयास किया। भाजपा ने जहां डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया, वहीं कांग्रेस ने जनता में बदलाव की इच्छा और भाजपा सरकार के खिलाफ असंतोष का दावा किया।

भाजपा की ओर से प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने दतिया जिला कार्यालय में मंडलों एवं शक्ति केंद्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देने तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने का आह्वान किया।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि यह उपचुनाव दतिया के विकास और भविष्य का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दतिया को नई पहचान मिली है और अनेक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा साधारण कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है और सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ काम करें। बैठक में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, राव उदयप्रताप सिंह, नरेन्द्र पटेल तथा पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

वहीं कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रामनगर वार्ड, उपराई, रैना और रिसाला में आयोजित कार्यकर्ता बैठकों में भाग लिया। उनके साथ उपचुनाव प्रभारी सिद्धार्थ कुशवाह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक और कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

जीतू पटवारी ने दावा किया कि दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेगा और पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, दलितों और पिछड़े वर्ग की उपेक्षा करने का आरोप लगाया तथा 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया।

दतिया चुनाव में जीतू पटवारीप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की कार्यशैली, कैबिनेट बैठकों और आर्थिक प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप कार्य करें।

दतिया उपचुनाव में दोनों प्रमुख दल अब बूथ स्तर तक चुनाव प्रचार को तेज करने में जुट गए हैं। भाजपा जहां सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों के आधार पर मतदाताओं का समर्थन मांग रही है, वहीं कांग्रेस बदलाव, जनसरोकारों और सरकार विरोधी मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतर चुकी है। आने वाले दिनों में दोनों दलों का प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना है।