ब्रेकिंग

भाजपा ने महेश केवट का राज्यसभा नामांकन कराया दाखिल, तीनों सीटें जीतने का दावा

मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- निषादराज की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दिया प्रतिनिधित्व, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

भोपाल 8 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए अपने प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र दाखिल कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। नामांकन से पूर्व महेश केवट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश की तीनों रिक्त राज्यसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं और पार्टी तीनों सीटों पर विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा निषादराज को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने इसे समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की भाजपा की प्रतिबद्धता बताया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है और पार्टी पूरी मजबूती व आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को लेकर भ्रम और असमंजस की स्थिति में है, जबकि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसकी जीत का आधार बनेगी।

राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्य संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निषाद एवं माझी समाज के एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है और वे संगठन व समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिलइस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह सहित अनेक मंत्री, विधायक, सांसद एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।