भिंड 7 मार्च 2026। भिंड जिला के ग्राम बरहद में कल 6 मार्च शुक्रवार को फसल कटाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया। आरोप है कि जिले के कुख्यात अपराधी लल्ला उर्फ प्रभात किशोर ने अपने पुत्रों और साथियों के साथ मिलकर करीब 2 बीघा खड़ी सरसों की फसल जबरन काट ली। घटना के दौरान आरोपियों के पास अवैध हथियार भी बताए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लल्ला उर्फ प्रभात किशोर अपने पुत्र राजीव, प्रांशु, रजत सहित हरिओम, गिर्राज, कमलेश और अन्य साथियों के साथ खेत पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जबरदस्ती सरसों की खड़ी फसल कटवा ली। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों ने हथियारों के बल पर किसी को भी विरोध करने नहीं दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रभात किशोर जिले का कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ लगभग 30 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जाते हैं और उसे 6 बार जिलाबदर भी किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में भी कुछ मामलों में फरार चल रहा है। उसके साथ मौजूद कई लोग भी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के लिए बदनाम बताए जाते हैं। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे आपराधिक तत्वों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में गंभीर घटना होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में किसी बड़ी वारदात की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। फिलहाल पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
