ब्रेकिंग

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने की नई नियुक्तियां

8 जिलों की कार्यकारिणी, 12 नगर अध्यक्ष एवं 10 विधानसभावार 4 जिलों के मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति

भोपाल, 02 अप्रैल 2026। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी के निर्देशानुसार संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं।

इस क्रम में 8 जिलों की कार्यकारिणी, 12 नगर अध्यक्षों तथा 10 विधानसभा क्षेत्रों में 4 जिलों के मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन नियुक्तियों के अंतर्गत निवाड़ी, भिंड शहर, मुरैना शहर, छतरपुर, देवास ग्रामीण, अनुपपुर, खंडवा एवं शहडोल जिलों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया गया है, जिससे पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी लगातार संगठन विस्तार और मजबूती के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ता अधिक सक्रियता के साथ जनता के मुद्दों को उठाएंगे।

डॉ. कामले ने यह भी बताया कि प्रदेश में अब तक बड़ी संख्या में मंडलम अध्यक्षों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं और आने वाले समय में भी संगठन को और सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।