नई दिल्ली 16 मार्च 2026। नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी विभागीय संसदीय स्थायी समिति की बैठक में होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं समिति के सदस्य श्री दर्शन सिंह चौधरी सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग की वर्ष 2026–27 की अनुदान मांगों से संबंधित तीन सौ पचहत्तरवां प्रतिवेदन तथा युवक कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की वर्ष 2026–27 की अनुदान मांगों से संबंधित तीन सौ अठहत्तरवां प्रतिवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इन प्रतिवेदनों पर सांसद श्री चौधरी ने अपने सकारात्मक एवं रचनात्मक विचार रखते हुए शिक्षा, युवा सशक्तिकरण तथा खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में शिक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण, युवाओं के कौशल विकास तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा के विस्तार तथा खेलों के लिए बेहतर संसाधनों की उपलब्धता से देश के युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से शिक्षा, युवा विकास और खेल क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी रूप से उपयोग होगी।
