सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं और किसानों से किया संवाद, सेवा-सुशासन और आधुनिक कृषि पर दिया जोर
नर्मदापुरम/सिवनी मालवा। होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने शनिवार को सिवनी मालवा और पवारखेड़ा में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं और किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती, सेवा-सुशासन के संकल्प तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत सिवनी मालवा विधानसभा के भीलटदेव मंडल में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में सांसद चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह प्रशिक्षण वर्ग भीलटदेव स्थित कलश रिसोर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण के लक्ष्य को साकार करने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे राष्ट्रनिर्माण कार्यों तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, अजीत मंडलोई, योगेंद्र सिंह राजपूत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके उपरांत सांसद चौधरी नर्मदापुरम जिले के पवारखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां किसान कल्याण तथा कृषि विकास एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संभागीय कृषि यंत्री कार्यालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही संभाग स्तरीय नरवाई प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण और नरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राही किसानों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। सांसद ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी, भूमि की उर्वरता बनी रहेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही राष्ट्र की समृद्धि का आधार है। अंत में सांसद चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और किसानों के सहयोग तथा सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
