भोपाल 15 मार्च 2026। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार गरीबों, वृद्धों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन पिछले लगभग 5 महीनों से हितग्राहियों को नहीं दी गई है। सरकार वोट लेने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन जिन बुजुर्ग महिलाओं, दिव्यांगों और विधवा बहनों को इन पैसों की सबसे अधिक आवश्यकता है, उनके अधिकार का पैसा महीनों से रोका हुआ है। यह बेहद अमानवीय और संवेदनहीन रवैया है।
श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को भी लगभग समाप्त करने की स्थिति में पहुंचा दिया है। अब एक जिले में केवल 200 कन्याओं के विवाह कराने की बात कही जा रही है। कई जिलों में जहां 8 विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में केवल 25-25 कन्याओं के विवाह ही कराने की योजना बनाई जा रही है। इससे योजना का मूल उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा और गरीब परिवारों को मिलने वाली सहायता से वे वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर उत्तरप्रदेश में कन्यादान योजना के तहत गरीब बेटियों के विवाह के लिए लगभग 1 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है, वहीं मध्यप्रदेश में इस महत्वपूर्ण योजना को कमजोर किया जा रहा है।
श्री पटवारी ने यह भी कहा कि एक तरफ गरीबों की पेंशन और बेटियों की योजनाओं पर सरकार कटौती कर रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री की हवाई जहाज यात्राओं पर प्रतिदिन लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल सभी लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान करे और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को पूर्व स्वरूप में जारी रखते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद बेटियों को इसका लाभ दे।
