मुरैना, उज्जैन और सागर के बाद अब देवास में जहरीली शराब का कहर! आखिर कब तक लोगों की जान से खिलवाड़ होता रहेगा? : जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ग्राम चंदाना पहुंचकर पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, सरकार से मांगा जवाब
देवास, 24 अक्टूबर 2026। मुरैना, उज्जैन और सागर के बाद अब देवास में भी जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया है। आखिर कब तक जहरीली शराब से लोगों की जान पर बनती रहेगी और जिम्मेदार महकमा आंखें मूंदे बैठा रहेगा? जहरीली शराब के कारण परिवार उजड़ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आज मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरुण यादव ने देवास जिले के ग्राम चंदाना पहुंचकर जहरीली शराब की घटना में अपनों को खो चुके परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख-दर्द को करीब से जाना। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री मनोज राजानी, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मनीष चौधरी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रयास गौतम सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
श्री जीतू पटवारी ने कहा कि देवास जिले में जहरीली शराब से अब तक 22 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। यह बेहद गंभीर मामला है। सरकार और जिला प्रशासन को मौतों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुरैना, उज्जैन, सागर और अब देवास में जहरीली शराब से जुड़े मामलों ने प्रदेश की आबकारी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। आखिर अवैध शराब का कारोबार लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कैसे करता रहा? जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की? सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा।
श्री पटवारी ने कहा कि पीड़ित परिवारों की आंखों में आंसू हैं और उनके मन में एक ही सवाल है कि जब जहरीली शराब की शिकायतें पहले से थीं, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पानी को कारण बताकर या दूसरे बहाने बनाकर असली सवालों से ध्यान नहीं भटकाया जा सकता। जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि जहरीली शराब कहां से आई, इसके पीछे कौन लोग हैं और इस मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की सरकार इस त्रासदी से अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें न्याय और उचित आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों की आवाज को दबने नहीं देगी। यह केवल कुछ परिवारों का दुख नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और सरकार की जवाबदेही का सवाल है। जहरीली शराब से हुई मौतों का सच सामने लाना, दोषियों को सजा दिलाना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना जरूरी है। कांग्रेस की यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
