अनंत कुमार सिंह ने संभाली एमडी की कमान..
भोपाल। नवीन पदस्थ प्रबंध संचालक अनंत कुमार सिंह ने सोमवार को मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम लिमि. में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही निगम के अधिकारियों ने उनसे पृथक-पृथक सौजन्य भेंट की और भावी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।
प्रथम दिवस पर ही श्री सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता सुशासन, गुड प्रैक्टिस, अनुशासन और कार्यों की गुणवत्ता रहेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को उसकी योग्यता, अनुभव और दक्षता के अनुरूप ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की कामचलाऊ अथवा अस्थायी व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लंबित परियोजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष फोकस रहेगा।
स्वर्णिम दौर की वापसी की उम्मीद..
निगम में वर्ष 2019 के बाद जिस “स्वर्णिम उपक्रम” जैसे वातावरण में कमी आई थी उसे पुनः स्थापित करने की चर्चा अब तेज हो गई है। प्रशासनिक पृष्ठभूमि और अनुशासनप्रिय छवि के कारण यह माना जा रहा है कि श्री सिंह के नेतृत्व में निगम में कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा, वित्तीय अनुशासन की सख्ती तथा निर्माण गुणवत्ता के लिए नए मानक तय किए जा सकते हैं। निगम के भीतर यह संदेश स्पष्ट है कि अकार्य संस्कृति बदलेगी, जवाबदेही तय होगी और परिणाम दिखाई देंगे।
