कैलाश विजयवर्गीय को लिया आड़े हाथों..
अलीराजपुर। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज अलीराजपुर के ऐतिहासिक भगोरिया मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ विधायक सेना महेश पटेल एवं आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल सहित हजारों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कैलाश विजयवर्गीय भी अलीराजपुर पहुँचे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कैलाश विजयवर्गीय जी, कल तक आप आदिवासियों को औकात दिखाने की बात कर रहे थे और आज अलीराजपुर में भगोरिया के पावन उत्सव में शामिल होने का ढोंग कर रहे हैं? मैं पूछना चाहता हूँ क्या आप यहाँ फिर से आदिवासियों को उनकी औकात दिखाने आए हैं?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि क्या कैलाश विजयवर्गीय अपने वक्तव्य को लेकर पूरे आदिवासी समाज से माफी मांगेंगे ?
उन्होंने दोहराया कि आदिवासी समाज का सम्मान सर्वोपरि है और उनकी अस्मिता, परंपराओं एवं अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।वही भगोरिया महापर्व के दौरान मांदल और ढोल की थाप पर नेता प्रतिपक्ष ने पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी समाज के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मेले में अपार जनसमूह उमड़ा और पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच उत्सव का वातावरण रहा।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज अलीराजपुर के ऐतिहासिक भगोरिया मेले में अपनों के बीच पहुँचकर मन भावविभोर है। ढोल की थाप और मांदल की गूँज केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति और अटूट एकता की पहचान है। आज मैं नेता प्रतिपक्ष के नाते नहीं, बल्कि आपके परिवार के एक सदस्य के रूप में अपनी माटी और परंपराओं को सहेजने का संकल्प लेकर आया हूँ। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों एवं आदिवासी समाज को भगोरिया महापर्व की आत्मीय बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
