झांसी, 2 मार्च 2026। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में सोमवार को दो महत्वपूर्ण आयोजन संपन्न हुए। एक ओर फरवरी माह में सेवानिवृत्त 32 रेल कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर मंडल की 62 इकाइयों में ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ का सामूहिक वाचन कर सेवा भावना को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया।
32 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा प्रमाण-पत्र एवं पीपीओ प्रदान किए। सभी 32 कर्मचारियों को कुल ₹11 करोड़ 53 लाख की राशि एनईएफटी के माध्यम से भुगतान की गई।
इस अवसर पर उन्होंने रेल सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा तथा सहायक मंडल वित्त प्रबंधक रवि कुमार सविता भी उपस्थित रहे।
62 इकाइयों में ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ का वाचन
इसी दिन मंडल मुख्यालय सहित अधीनस्थ 62 स्टेशनों, कार्यालयों और डिपो में कुल 1820 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ का सामूहिक वाचन किया। यह प्रस्ताव 24 फरवरी 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में नव स्थापित प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर ‘सेवा तीर्थ’ में पारित किया गया था।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा प्रस्ताव की उद्देशिका से सभी को अवगत कराया गया, जिसके बाद मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प दोहराया। वाचन के उपरांत सेवा की भावना, कार्य संस्कृति में परिवर्तन, नागरिक केंद्रित शासन तथा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रस्ताव में ‘नागरिक देवो भवः’ की भावना को केंद्र में रखते हुए 1.4 अरब देशवासियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित करने तथा विकसित भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।
सेवा और संकल्प का संदेश
झांसी मंडल में आयोजित ये दोनों कार्यक्रम प्रशासनिक दायित्व और मानवीय संवेदना के संतुलन का प्रतीक बने। जहां एक ओर दशकों की सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर वर्तमान अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण में निष्ठा, पारदर्शिता और सेवा भाव से योगदान देने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
