जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई विकास कार्यों की समीक्षा
ग्वालियर 6 मार्च 2026/ खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले में जल संरक्षण के कार्यों को हाथ में लिया जायेगा। इसके साथ ही शासकीय स्कूलों के जीर्णोद्धार, बड़े कस्बों में सोलर पैनल के माध्यम से स्ट्रीट लाइट के साथ ही अस्पतालों में पेयजल प्रबंधन के लिये आरओ सिस्टम लगाने का कार्य किया जायेगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी विकास कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।
खनिज प्रतिष्ठान मद से ग्वालियर जिले में वर्ष 2016-17 से वर्ष 2025-26 तक कुल 29 करोड़ 27 लाख 12 हजार रुपए से अधिक की राशि राजस्व के रूप में प्राप्त हुई है। इनमें मुख्य खनिज से 2 करोड़ 72 लाख 36 हजार एवं गौंण खनिज से 26 करोड़ 16 लाख 40 हजार रुपए से अधिक राशि प्राप्त हुई है। जिले में खनिज प्रतिष्ठान मद से प्राप्त राशि से राज्य स्तर से एवं जिला स्तर से कार्य स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत कार्यों को तत्परता से पूर्ण करने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक भितरवार श्री मोहन सिंह राठौर, विधायक ग्वालियर पूर्व डॉ. सतीश सिकरवार, विधायक ग्वालियर ग्रामीण श्री साहब सिंह गुर्जर, डबरा विधायक श्री सुरेश राजे, सांसद प्रतिनिधि श्री विजय दुबे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत किए गए सभी कार्य एवं वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की सूची समिति के सभी प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जो निर्माण कार्य प्रचलन में है, उसका कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने समिति के सदस्यों से आग्रह किया है कि जिले में जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ लिया जाए, ताकि शासन की मंशा अनुसार जिले में जल संरक्षण अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा सके। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिन ग्राम पंचायतों में कार्य स्वीकृत हैं और कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है वहाँ के सरपंचों को भी नोटिस जारी किए जाएं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले के चयनित ऐसे स्कूल जिनके भवनों की स्थिति ठीक नहीं है, उनका जीर्णोद्धार, जिले के बड़े कस्बों में सोलर पैनल के माध्यम से स्ट्रीट लाइट और चयनित अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिये शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिये आरओ सिस्टम लगाने के कार्य को भी प्राथमिकता दी गई है।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जहां पर भी पेयजल के लिये हैंडपंप खनन की अति आवश्यकता है, उन स्थानों के प्रस्ताव भी जनप्रतिनिधियों से प्राप्त कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का निर्णय बैठक में लिया गया है।
बैठक में बताया गया कि ग्वालियर जिले में वर्ष 2023-24 में 7 विकास कार्य 12 करोड 32 लाख रुपए की लागत से, वर्ष 2024-25 में 147 कार्य 11 करोड़ 88 लाख 48 हजार रुपए की लागत से स्वीकृत किए गए हैं, जिनका कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। इसके साथ ही वर्ष 2024-25 में राज्य कार्यालय को 129.46 करोड़ रुपए के प्रस्ताव भेजे गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव, विधायकगण श्री मोहन सिंह राठौर, डॉ. सतीश सिकरवार, श्री साहब सिंह गुर्जर व श्री सुरेश राजे ने भी अपने-अपने सुझाव रखे। सभी का मत था कि खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत किए गए कार्यों को तत्परता से शीघ्र पूरा किया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में अति आवश्यक कार्यों को जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए। किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं ताकि भ्रमण के दौरान कार्यों का अवलोकन एवं निरीक्षण किया जा सके।
