सूरज कुण्ड सफाई अभियान में जनभागीदारी
ग्वालियर, 04 अप्रैल 2026। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को उपनगर ग्वालियर के वार्ड-3 एवं 4 में सीवर लाइन, सड़क, नाला निर्माण, पेयजल, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री तोमर ने मोहिते गार्डन के सामने नाले की स्थिति पर नाराजगी जताई, जहां नाला कचरे से भरा मिला। उन्होंने तत्काल सफाई कराने और एक चैंबर निर्माण के निर्देश दिए। वहीं विनय नगर सेक्टर-03 में चल रहे सीवर कार्यों और सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ठेलों की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया।
नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
वार्ड-4 के इंद्रा नगर, ओम नगर, श्रीराम विहार कॉलोनी और सूरज नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जलभराव, गंदगी और सीवर जाम की समस्याएं रखीं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही पर नाराजगी
मंत्री श्री तोमर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मोहिते गार्डन का भी निरीक्षण किया। यहां कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को फोन कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
सूरज कुण्ड बना जनभागीदारी का प्रतीक
इसी दिन जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्वालियर दुर्ग स्थित ऐतिहासिक सूरज कुण्ड की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर के नेतृत्व में प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं, गुरुद्वारा प्रबंध समिति और आम नागरिकों ने मिलकर सफाई कार्य किया।
कुण्ड में जमी काई और गंदगी को हटाने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के नेतृत्व में निगम अमले ने संसाधनों के साथ अभियान को गति दी।
जल संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी
मंत्री श्री तोमर ने इस अवसर पर कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बरसात के पानी के अधिकतम संचयन और जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रयास करने का आह्वान किया।
नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में जल संरक्षण कार्यों के साथ ऐतिहासिक बावड़ियों की सफाई भी कराई जा रही है।ऊर्जा मंत्री का यह दौरा जहां एक ओर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत सामने लाता है, वहीं सूरज कुण्ड सफाई अभियान जनभागीदारी से जल संरक्षण की दिशा में सकारात्मक संदेश देता है।
