मधुमक्खी पालन और प्राकृतिक खेती पर दिया गया जोर
रायसेन 11 अप्रैल 2026। जिला रायसेन के दशहरा मैदान में आयोजित “उन्नत कृषि महोत्सव 2026” के अंतर्गत प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सेमिनारों में सहभागिता करते हुए किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया।
मंत्री श्री कुशवाह ने मधुमक्खी पालन सेमिनार में भाग लेते हुए कहा कि मधुमक्खी पालन केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फसलों के परागण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने किसानों को इस क्षेत्र में आगे आने और इसे आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती सेमिनार में भी सहभागिता करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने में सहायक है। यह पद्धति पर्यावरण संरक्षण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिलती है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री श्री कुशवाह ने महोत्सव में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित कृषि तकनीकों एवं उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक है, जो उन्हें आधुनिक खेती के साथ आत्मनिर्भर और समृद्ध बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करता है।
कार्यक्रम में डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. नवीन पटेल, डॉ. सचिन सुरेशे, श्री नितिन सहित अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे। वहीं प्राकृतिक खेती सत्र में श्री फ्रैंकलिन एल. खोबुंग (संयुक्त सचिव), डॉ. एन. रविशंकर, पद्मश्री श्री भारत भूषण त्यागी, डॉ. जे.के. ठाकुर, श्रीमती मीरा बी., श्री संजय वासुदेव, श्री स्वमिल दुबे सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।
