ब्रेकिंग

डीजल- पेट्रोल के बढ़ते दामों के साथ विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

भोपाल, 20 मई 2026। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश और देश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार को जमकर घेरा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर भारी VAT लगाकर भाजपा सरकार जनता की जेब पर लगातार बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 29% VAT, ₹2.5 प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और अलग उपकर के कारण मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के दामों में ₹12 तक का अंतर है। उन्होंने सवाल उठाया कि मोदी जी देश के लिए काम कर रहे हैं या बड़ी कंपनियों के लिए? पूरा देश महंगाई की मार झेल रहा है। जनता से कहा जा रहा है “पेट्रोल-डीजल बचाओ, खर्च कम करो, एक वक्त का खाना छोड़ दो…”, लेकिन प्रधानमंत्री जी खुद जनता के पैसों पर 5 देशों के दौरे पर निकल गए हैं। उधर देश में पेट्रोल-डीजल महंगा हो रहा है, इधर विदेश में “Melodi” गिफ्ट की जा रही है।

मंत्रियों का परफॉर्मेंस रिव्यू

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मंत्रियों के “परफॉर्मेंस रिव्यू” पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन क्या वे अपने ही गृह विभाग को फेल घोषित करेंगे? मध्यप्रदेश में अपराध, महिला अत्याचार, आदिवासियों पर हिंसा, माफिया राज और कानून व्यवस्था की लगातार बिगड़ती स्थिति पर क्या मुख्यमंत्री जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे, या फिर यह समीक्षा सिर्फ दिखावा है और जवाबदेही से बचने का नया तरीका है।

Twisha Sharma संदिग्ध मौत मामला

श्री सिंघार ने Twisha Sharma मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि परिवार को किसी भी प्रकार का संदेह है और वे दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं, तो उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। किसी भी परिवार के लिए अपनी बेटी को खोना असहनीय पीड़ा है। ऐसे समय में पारदर्शिता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री जी को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर परिवार की मांग पर उचित निर्णय सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या अविश्वास की स्थिति न बने।

महाकाल मंदिर जमीन मामला

उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर की जमीन भाजपा विधायक को दिए जाने से जुड़े मामलों पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा जिस तरह महाकाल मंदिर के आसपास की जमीनों का अधिग्रहण करवा रही है और भाजपा से जुड़े लोग खरीद-फरोख्त में दिखाई दे रहे हैं, उसे देखकर डर लगता है। कहीं ऐसा ना हो कि एक दिन ये लोग महाकाल मंदिर को भी अपनी संपत्ति बताने लगें।

उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था, धर्म और महाकाल लोक तक को भाजपा ने जमीन कारोबार और भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया है। महाकाल मंदिर श्रद्धा का केंद्र हैं, भाजपा नेताओं की प्रॉपर्टी डील का नहीं।

UCC कमेटी की बैठक

UCC कमेटी बैठक को लेकर भी उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि UCC जैसे संवेदनशील विषय पर 4-5 लोग बंद कमरे में बैठकर फैसला नहीं कर सकते। यह देश संविधान से चलता है, किसी एक विचारधारा की मनमर्जी से नहीं। आम जनता, ओबीसी, दलित, आदिवासी समाज, विभिन्न धर्मों, सामाजिक संगठनों और संवैधानिक विशेषज्ञों की राय लेना बेहद आवश्यक है। भाजपा को समझना होगा कि विविधता इस देश की ताकत है, उसे खत्म करने का अधिकार किसी सरकार को नहीं है।