ब्रेकिंग

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व स्वच्छता का संकल्प, 3 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में उमड़ा जनसैलाब

ग्वालियर 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अखंड भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 14 अगस्त को ग्वालियर में देशभक्ति और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली द्वारा आयोजित लगभग 3 किलोमीटर लंबी स्वच्छता जागरूकता मानव श्रृंखला में शहर के विभिन्न शैक्षणिक, व्यापारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, संस्थाओं और प्रतिष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में स्वच्छता प्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कटोराताल फ्लैग पॉइंट से प्रारंभ हुई यह मानव श्रृंखला अचलेश्वर चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदी गेट, मोती-तबेला, बेजाताल और फूलबाग-चौपाटी होते हुए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक पहुंची। मार्गभर लोगों ने हाथों में हाथ जोड़कर स्वच्छ ग्वालियर का संदेश दिया और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

इस दौरान वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और स्वच्छता से जुड़े जोशीले नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने “स्वच्छ ग्वालियर, सुंदर ग्वालियर”, “हम सबने ठाना है, ग्वालियर को स्वच्छ बनाना है” और “तिरंगे की शान में, हम स्वच्छता अभियान में” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर सहभागियों को पौधे के रोपण और संरक्षण के आग्रह के साथ 1000 पौधों का निःशुल्क सप्रेम भेंट किए गए।

अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक के भीतर स्वच्छता को जिम्मेदारी, आदत और संस्कार के रूप में स्थापित करना रहा। मानव श्रृंखला के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार देश की स्वतंत्रता के लिए प्रत्येक भारतीय ने अपना योगदान दिया, उसी प्रकार स्वच्छ और स्वस्थ ग्वालियर के निर्माण में भी प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से मुक्ति, कचरे का उचित निस्तारण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।

स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली ने नागरिकों से आह्वान किया कि “स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के साथ” को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर जीवनभर का संकल्प बनाया जाए। आजादी का पर्व तभी सार्थक होगा, जब हमारा शहर गंदगी से भी आजाद हो और ग्वालियर स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर एवं गौरवशाली शहर के रूप में नई पहचान बनाए।

मानव श्रृंखला में उमड़ी जनभागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि ग्वालियर स्वच्छता के संकल्प के साथ एकजुट है और स्वच्छ शहर के निर्माण में हर नागरिक अपनी भूमिका निभाने को तैयार है।