झांसी 14 अगस्त 2026। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झाँसी में वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं पीड़ा को स्मरण करने के उद्देश्य से ‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, झाँसी श्री राजेश कुमार शर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों को विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उस समय की परिस्थितियों तथा विभाजन के कारण प्रभावित हुए परिवारों के संघर्ष और विस्थापन की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा उनके परिवारों के त्याग एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री कालका प्रसाद अग्रवाल जी के पुत्र श्री राम प्रकाश अग्रवाल, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री बाबूलाल दुबे जी के पुत्र श्री ए. एन. दुबे, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री अवध बिहारी नायक जी के पुत्र श्री लक्ष्मण नायक, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री राम सेवक रिछारिया जी के पुत्र श्री अवधेश रिछारिया तथा स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री भैरो प्रसाद राय के नाती श्री गिरजा शंकर राय उपस्थित रहे।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक, झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार ने ‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा तथा प्रभावित परिवारों के संघर्ष को चित्रों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक /इन्फ्रा श्री पी. पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक / ऑपरेशन श्री नंदीश शुक्ला, मंडल के शाखा अधिकारी सहित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन विभाजन की त्रासदी में प्रभावित लोगों की स्मृति को नमन करने के साथ-साथ सभी को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करने वाला रहा।
