ब्रेकिंग

ग्वालियर में स्पा सेंटरों पर महिला पुलिस का बड़ा एक्शन, कई जगह दबिश

CCTV से विजिटर रजिस्टर तक खंगाला, कर्मचारियों के बायोडाटा की भी जांच; अनैतिक गतिविधियां मिलीं तो संचालकों पर होगी कड़ी कार्रवाई

ग्वालियर। शहर के स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों को लेकर ग्वालियर पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर महिला पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों और सैलूनों में अचानक चेकिंग अभियान चलाकर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की।

एएसपी डॉ. शिवेश सिंह बघेल एवं डीएसपी महिला सुरक्षा किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक स्वीटी राजावत और निरीक्षक सुरभि शर्मा के नेतृत्व में महिला पुलिस बल ने कई प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच की।

CCTV, रजिस्टर और कर्मचारियों की जानकारी खंगाली

पुलिस टीम ने मोनार्क द फैमिली सलून और द बीच सैलून एंड स्पा में पहुंचकर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता, आगंतुक रजिस्टर तथा वहां काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी और बायोडाटा की भी पड़ताल की गई। जांच के दौरान द हीलिंग स्पा बंद मिला, जबकि अन्य चालू प्रतिष्ठानों में मौजूद स्टाफ से संबंधित जानकारी पुलिस टीम ने जुटाई।

पुलिस ने स्पा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का बायोडाटा व्यवस्थित और अद्यतन रखा जाए, विजिटर रजिस्टर नियमित रूप से मेंटेन किया जाए और सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू स्थिति में रहें।

पुलिस की दो टूक चेतावनी

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक स्वीटी राजावत और पुलिस टीम ने संचालकों को साफ चेतावनी दी कि किसी भी प्रतिष्ठान में अनैतिक या कानून-विरुद्ध गतिविधि संचालित पाई गई तो संबंधित संचालक के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्वालियर पुलिस ने संकेत दिया है कि यह चेकिंग महज औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।