ब्रेकिंग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में कुलैथ में सजेगा पशुपालन और ग्रामीण संस्कृति का महाकुंभ

विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में उन्नत पशुपालन एवं कृषि तकनीक की प्रदर्शनी, कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी और घुड़दौड़ होंगे मुख्य आकर्षण, हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, मुख्यमंत्री किसानों के साथ करेंगे सहभोज..

निजी स्कूलों के वाहन नहीं होंगे अधिग्रहित, सभी विद्यालयों में नियमित पढ़ाई..

ग्वालियर, 12 नवम्बर 2026। प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार, 13 नवम्बर को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले का आयोजन होगा। उन्नत पशुपालन और आधुनिक कृषि तकनीक को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह सम्मेलन ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और पशुपालन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का संगम बनेगा। सम्मेलन में उत्कृष्ट नस्लों के गौवंश एवं भैंसवंशी पशुओं का मेला, उन्नत पशुपालन पर केंद्रित प्रदर्शनी, पारंपरिक कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ विशेष आकर्षण रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में पशुपालन एवं संबंधित विभागों की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न लगभग 3 बजे रोड शो के माध्यम से किसानों का अभिवादन करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इसके बाद पशु मेले और प्रदर्शनी का अवलोकन कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्पवर्षा कर उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों का स्वागत करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेने के बाद विशाल सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वे किसानों एवं पशुपालकों के साथ सहभोज में भी शामिल होंगे।

प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

सम्मेलन की व्यापक तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी कुलैथ पहुंचे। अधिकारियों ने हेलीपैड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, किसानों एवं पशुपालकों की बैठक व्यवस्था तथा बैलगाड़ी और घुड़दौड़ के लिए निर्धारित स्थलों का निरीक्षण किया। संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और कार्यक्रम में आने वाले किसानों, पशुपालकों एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निजी स्कूलों के वाहन अधिग्रहण के आदेश निरस्त, अधिकारियों को नोटिस

इस बीच सम्मेलन के लिए निजी विद्यालयों के वाहनों के अधिग्रहण को लेकर जारी हुए त्रुटिपूर्ण आदेशों पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर निजी स्कूलों के वाहन अधिग्रहण संबंधी पूर्व आदेश निरस्त कर दिए गए हैं। अपर जिला दण्डाधिकारी सी.बी. प्रसाद ने इस संबंध में आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी निजी विद्यालय का वाहन अधिग्रहित नहीं किया जाएगा।

दरअसल, वाहन अधिग्रहण संबंधी आदेश के प्रारूप के आधार पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा निजी विद्यालयों के वाहनों के अधिग्रहण के आदेश जारी कर दिए गए थे, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की है। इस संबंध में अपर जिला दण्डाधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 13 नवम्बर को जिले के सभी निजी एवं अन्य विद्यालयों में सामान्य दिनों की तरह नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी। प्रशासन के अनुसार सम्मेलन में आने वाले हितग्राहियों के आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता है, इसलिए स्कूलों के वाहनों की आवश्यकता नहीं है।